Tuesday, 23 April, 2024
dabang dunia

अन्‍य

बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर जीतेगा महागठबंधन : उपेन्द्र

Posted at: Apr 20 2019 8:00PM
thumb

समस्तीपुर।  राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर महागठबंधन प्रत्याशियों के जीतने का दावा करते हुए आज कहा कि प्रदेश में महागठबंधन की आंधी में भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का सफाया होना तय है।

कुशवाहा ने यहां उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के ताजपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे राज्य में महागठबंधन की आंधी चल रही है, जिसमें राजग का सफाया होना तय है। उन्होंने केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि देश की जनता ने जुमलों की पार्टी को सबक सिखाने का मन बना लिया है।

रालोसपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केन्द्रीय एजेंसी के माध्यम से राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवारों को प्रताड़ति कर रही है। सभा को पूर्व मंत्री और राजद नेता रामाश्रय सहनी, राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह निषाद् समेत महागठबंधन के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।