Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

‘डबल इंजन’ की सरकार के लिए वोट करें झारखंड वासी : मनोज तिवारी

Posted at: Dec 5 2019 12:18AM
thumb

सिमरिया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज तिवारी ने झारखंडवासियों से राज्य में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां पूरे देश के लिए उदाहरण है। तिवारी ने आज यहां पार्टी प्रत्याशी किशुन कुमार दास के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में झारखंड की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को पूरे देश ने देखा है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री रघुवर दास की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार के कारण ही आयुष्मान योजना, हर घर में शौचालय, पेंशन योजना और गैस कनेक्शन समेत कई जनकल्याणकारी योजनाएं राज्य के हर घर तक पहुंची है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि दूसरी तरफ आयुष्मान भारत योजना जैसी योजना को दिल्ली में लागू नहीं किया गया है और गरीबों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली हर क्षेत्र में उपेक्षित है क्योंकि वहां डबल इंजन सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को दिल्ली जैसी बुरी स्थिति से बचना है तो उन्हें डबल इंजन सरकार के लिए वोट देना चाहिए। सभा के दौरान मनोज तिवारी ने कई बार भोजपुरी भाषा में लोगों से संवाद भी किया और अपने कुछ लोकप्रिय भोजपुरी गानों को गाया।