Thursday, 18 April, 2024
dabang dunia

राजस्थान

प्रदेश अध्यक्ष को लेकर केन्द्र और राज्य के बीच कोई विवाद नहीं: कटारिया

Posted at: Apr 25 2018 4:35PM
thumb

जयपुर। राजस्थान के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर संगठन और सरकार के बीच कोई विवाद नहीं है लेकिन योग्य व्यक्ति की खोज की जा रही है।
मंत्री कटारिया ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का मामला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के अधीन है और वह योग्य व्यक्ति का चयन कर रहा है। यह पूछे जाने पर कि राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय संगठन द्वारा सुझाये गये प्रदेश अध्यक्ष के नामों पर सहमति नहीं देना वर्चस्व की लड़ाई का प्रतीक तो नहीं है? उन्होंने कहा कि यह सब मीडिया की अफवाह है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल नहीं हूं और पार्टी की और से यदि यह दायित्व सौंपा गया तो पार्टी के एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते वह हर जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं।
मुख्यमंत्री समर्थक राज्य के कई मंत्रियों और विधायकों के दिल्ली में डेरा डालने और केंद्रीय नेतृत्व पर दवाब बनाने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। कटारिया ने कहा कि मैं यहीं पर हूं और अपना कार्य कर रहा हूॅ।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी द्वारा गत 16 अप्रैल को इस्तीफा देने के बाद से ही नये अध्यक्ष की खोज की जा रही है। बताया जाता है कि केन्द्रीय संगठन की ओर से सुझाये गये नामों को मुख्यमंत्री की ओर से सहमति नहीं दिये जाने के कारण यह मामला अटका हुआ है।