Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

खेल

एशियाड में 9 साल के नोवेरी सबसे छोटे तो 85 वर्षीय यांग उम्रदराज एथलीट

Posted at: Aug 18 2018 6:14PM
thumb

जकार्ता। इंडोनेशिया में शनिवार से शुरू हो रहे 18वें एशियाई खेलों में फिलीपींस के कोंग टी यांग सबसे उम्रदराजÞ एथलीट होंगे जबकि इंडोनेशिया के अलीका नोवेरी सबसे युवा एथलीट हैं और दोनों के बीच उम्र का अंतर 76 वर्ष का है। 85 साल के फिलीपींस के ब्रिज खिलाड़ी का जन्म 1933 में हुआ था जबकि स्केटबोर्डर अलीका मात्र नौ साल के हैं जिनका जन्म 2009 में हुआ है। मौजूदा एशियाई खेलों में इन दोनों ही खेलों को पहली बार शामिल किया गया है। एशियाड में दोनों ही खेलों के लिये उम्र की कोई सीमा नहीं है हालांकि स्केटबोर्डर और ब्रिज खेलों के अंतरराष्ट्रीय महासंघ स्वयं उम्र का पैमाना तय करते हैं।

ताश के खेल में शारीरिक क्षमता के बजाय मानसिक मजबूती की जरूरत होती है इसलिये पुरूष और महिला दोनों वर्गों में ही उम्रदराज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ब्रिज में यांग के अलावा 82 वर्षीय सिंगापुर के ला चुन एनजी और मलेशिया के 81 वर्षीय हंग फोंग ली भी 80 साल से अधिक उम्र के एथलीट अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। एशियाड में इस बार ब्रिज में सबसे अनुभवी खिलाड़यिों का जमावड़ा रहेगा जिसमें 11 खिलाड़ी 70 से 79 आयु वर्ग के हैं जिसमें इंडोनेशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बम्बांग हर्तानो भी शामिल हैं जो 79 वर्ष के हैं। इसके अलावा ब्रिज के खेल में 30 खिलाड़यिों की उम्र 60 से 69 वर्ष के बीच में है।