Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

मोदी राज में भारत का रूतबा बढ़ा : राजनाथ

Posted at: Apr 20 2019 9:22PM
thumb

जालौन। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में भारत का रूतबा दुनिया में तेजी से बढ़ा है और विकास का पहिया यूं ही चलता रहा तो 2030 तक यह विश्व के शक्तिशाली देशों में शुमार होगा। सिंह ने शनिवार को यहां विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा कभी भी जाति धर्म की राजनीति नहीं करती बल्कि हर वर्ग संप्रदाय एवं पंथ के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ती है। आज भारत आर्थिक रूप से शक्तिशाली चीन,रूस एवं अमेरिका जैसे देशों की बराबरी करने लगा है। देश में विकास की रफ्तार ऐसी ही रही तो 2030 तक भारत विश्व के मजबूत देशों की गिनती में पहले स्थान पर होगा।
 
उन्होने कहा कि कांग्रेस सरकार में देश के विकास का पहिया रुक गया था। आतंकवाद चरम सीमा पर था। सेना का मनोबल गिरा था तथा नक्सलवाद पनप रहा था। अलगाववादी ताकतें अपने पैर जमा रही थी लेकिन नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के रास्ते में रोड़े अटकाने वाली ताकतों के फन कुचले और सफल कूटनीति की बदौलत दुनिया में अपना कद ऊंचा किया। भाजपा नेता ने कहा कि पहले हमारा देश विश्व समुदाय के सामने सिर झुका कर बात करता था जबकि आज सिर उठा कर बात करता है। केन्द्र सरकार की आतंकवाद विरोधी शैली के बारे में कहा कि वैसे तो भारत किसी को छेड़ता नहीं है और यदि कोई भी भारत को छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है।