Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

शेयर बाजार में आया भूचाल - सेंसेक्स 425, निफ्टी 126 अंक लुढ़का

Posted at: Feb 8 2019 6:38PM
thumb

मुंबई। अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापारिक युद्ध का फिलहाल कोई समाधान नहीं होने के कारण वैश्विक स्तर से बने दबाव के साथ ही घरेलू स्तर पर प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स को हुए भारी घाटे के कारण उसके शेयर में हुई 17 फीसदी से अधिक की गिरावट से शेयर बाजार में शुक्रवार को भूचाल आ गया। इसके कारण बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 424.61अंक फिसलकर 36546.48 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 125.80 अंक लुढ़ककर 10943.60 अंक पर रहा।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप 1.40 प्रतिशत गिरकर 14328.81 अंक पर और स्मॉलकैप 0.89 प्रतिशत उतरकर 13656.75 अंक पर रहा। टाटा मोटर्स को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में जगुआर लैंड रोवर इकाई की बिक्री में गिरावट की वजह से करीब 27 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। शेयर बाजार बंद होने के बाद कल कंपनी ने वित्तीय लेखा जोखा पेश किया जिसका आज शेयर बाजार पर असर देखा गया। इसके कारण कंपनी के शेयर में 17.28 प्रतिशत की भारी गिरावट हुयी। वाहन बनाने वाली कंपनी महिंद्रा महिंद्रा के तिमाही तिमाही मुनाफे में गिरावट आने से भी दबाव बना है। महिंद्रा का शेयर 2.64 प्रतिशत लुढ़क गया। टाटा मोटर्स और महिंद्रा में हुयी बिकवाली के कारण बीएसई का ऑटो समूह 3.37 प्रतिशत गिर गया।