Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

सेंसेक्स नए शिखर पर; निफ्टी 11,000 के पार

Posted at: Jul 12 2018 5:07PM
thumb

मुम्बई। कच्चे तेल की कीमतों में आयी जबरदस्त गिरावट के बाद मजबूत हुई निवेश धारणा की बदौलत बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक कारोबार के दौरान पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ता हुआ 343.13 अंक की बढ़त के साथ आज 36,609.06 अंक के नये शिखर पर पहुंच गया। एनएसई का निफ्टी भी पांच माह के बाद 11,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 0.85 प्रतिशत यानी 92.85 अंक की तेजी में 11,047.15 अंक को छूने में कामयाब रहा। इससे पहले 29 जनवरी को कारोबार के दौरान सेंसेक्स अब तक के उच्चतम स्तर 36,443.98 अंक तक पहुँचने में सफल रहा था। हालांकि, उस दिन इसका बंद स्तर 36,283.25 अंक रहा था।
बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब छह प्रतिशत की गिरावट आने के बाद तेल कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी आयी है। भारत कच्चे तेल की अपनी जरूरत का एक बहुत बड़ा हिस्सा आयात करता है, जिससे इसकी कीमतों में उछाल आने का शेयर बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। तेल एवं गैस क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलांयस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सर्वाधिक 5.55 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियाँ हरे निशान में हैं। निफ्टी की 50 में से 31 कंपनियों में तेजी दर्ज की गई है।