Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

शिखर से फिसला शेयर बाजार, गिरावट के साथ हुआ बंद

Posted at: Aug 10 2018 5:17PM
thumb

मुंबई। गहराते व्यापार युद्ध के कारण विदेशी बाजारों में बने दबाव का असर आज घरेलू शयेर बाजारों पर भी देखा गया और बीएसई का सेंसेक्स गुरुवार के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर से 155.14 अंक लुढ़ककर 37,869.23 अंक पर बंद हुआ।  गुरुवार को अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद होने वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 1.20 अंक की गिरावट में 11,429.50 अंक पर आ गया। 
अमेरिका और चीन के बीच गहराते व्यापार युद्ध के कारण विदेशों में अधिकतर शेयर बाजार गिरावट में रहे। इसका प्रभाव शुरू से ही घरेलू बाजार पर दिखा। सेंसेक्स 25.70 अंक की बढ़त में 38,050.07 अंक पर खुला और खुलते ही 38,051.45 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूकर लाल निशान में उतर गया। इसके बाद यह पूरे दिन लाल निशान में ही बना रहा।
कारोबार के दौरान एक सयम यह 37,815.75 अंक के दिवस के निचले स्तर तक भी उतर गया था। हालाँकि, कुछ वापसी करता हुआ अंतत: यह गत दिवस के मुकाबले 155.14 अंक यानी 0.41 प्रतिशत नीचे 37,869.23 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयरों में गिरावट और शेष 12 में तेजी रही। 
खराब तिमाही परिणाम के कारण देश की सबसे बड़ी ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सेंसेक्स में सबसे ज्यादा पौने चार प्रतिशत टूटे। बैंक के आज घोषित परिणाम के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में करीब 8,500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बैंकिंग के साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी और सनफार्मा जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बनाया।