Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

बिज़नेस

चुनाव परिणाम, आर्थिक आंकड़े देंगे बाजार को दिशा

Posted at: Feb 9 2020 1:44PM
thumb

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आठ महीने से अधिक की सबसे बड़ी तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे और महँगाई तथा औद्योगिक उत्पादन के आँकड़ों पर होगी। दिल्ली चुनाव के परिणाम मंगलवार को सामने आयेंगे। चुनाव बाद सर्वेक्षणों में राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को दोबारा स्पष्ट बहुमत मिलती दिख रही है। केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की हार से निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
जनवरी की खुदरा और थोक महँगाई के साथ ही दिसंबर 2019 के औद्योगिक उत्पादन के आँकड़े भी इस सप्ताह आने हैं। ये आँकड़े भी बाजार को प्रभावित करेंगे। बीते सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 1,406.32 अंक यानी 3.54 प्रतिशत चढ़कर सप्ताहांत पर 41,141.85 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 436.50 अंक यानी 3.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ शुक्रवार को 12,098.35 अंक पर बंद हुआ।
यह पिछले साल 24 मई को समाप्त सप्ताह के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है जब मोदी सरकार के दोबारा सत्ता में आने के बाद बाजार ने तेज छलाँग लगाई थी। आलोच्य सप्ताह के पहले दिन 03 फरवरी को ही बाजार करीब ढाई प्रतिशत चढ़ गया था। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच बजट के दिन 01 फरवरी को रही गिरावट की भरपाई करते हुये बाजार ने छलाँग लगाई थी।
अगले तीन दिन बाजार में तेजी रही जबकि अंतिम दिन शुक्रवार को बाजार में गिरावट रही। मझौली और छोटी कंपनियों में भी बीते सप्ताह बाजार में गिरावट रही। सप्ताह के दौरान बीएसई का मिडकैप 5.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 15,904.71 अंक पर और स्मॉलकैप 3.46 प्रतिशत की बढ़त में 14,840.33 अंक पर पहुँच गया।