Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

खेल

तीन बार के ओलम्पिक विजेता हॉकी लीजेंड बलबीर का निधन

Posted at: May 25 2020 11:52AM
thumb

मोहाली। तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारत के लीजेंड हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह निधन हो गया। बलबीर के निधन से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गयी है। बलबीर 96 वर्ष के थे। उन्हें गत 12 मई को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान भी उन्हें दो बार दिल का दौरा पड़ा और उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। 

हॉकी लीजेंड बलबीर के पौत्र कबीर ने बयान जारी कर बताया कि उनके दादा बलबीर का आज सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। बलबीर के परिवार में बेटी सुशबीर और तीन बेटे कंवलबीर, करणबीर और गुरबीर हैं। बलबीर ने 1948 लंदन, 1952 हेलसिंकी और 1956 मेलबोर्न ओलम्पिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी। 

मेलबोर्न में उनके नेतृत्व में ही टीम ने सोना हासिल किया था। इसके अलावा वह 1958 टोक्यो एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता टीम का भी हिस्सा रहे थे। सेंटर फॉरवर्ड बलबीर ने 61 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 246 गोल किए थे। हेलसिंकी ओलंपिक में हॉलैंड के खिलाफ फाइनल में 6-1 से मिली जीत में उन्होंने पांच गोल किये थे और यह रिकॉर्ड आज भी बरकरार है। वह 1975 विश्व कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के मैनेजर भी रहे थे। देश के महानतम एथलीटों में से एक बलबीर सीनियर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा चुने गए आधुनिक ओलंपिक इतिहास के 16 महानतम ओलंपियनों में शामिल थे।