Friday, 19 April, 2024
dabang dunia

खेल

लॉकडाउन ने मुझे खुद पर विश्वास करना सिखाया : कोठाजीत सिंह

Posted at: Jul 8 2020 8:04PM
thumb

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी खिलाड़ी कोठाजीत सिंह खडंगबम ने कहा है कि कोरोना के कारण लॉकडाउन ने उन्हें धैर्य को महत्व देना और हर स्थिति में खुद पर विश्वास रखना सिखाया। कोठाजीत ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान उन्हें हॉकी में अपने लंबे अंतरर्राष्ट्रीय करियर पर विचार करने का मौका मिला। उन्होंने अब तक देश के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेले हैं।
हॉकी खिलाड़ी ने कहा - लॉकडाउन का समय कठिन था। हॉकी के मैदान से दूर रहना हमेशा मुश्किल होता है लेकिन इस दौरान मुझे कई सारी चीजों पर फिर से विचार करने का अवसर मिला। मैं करीब सात वर्षों से भारतीय टीम में हूं, इसलिए मैं इस बात पर विचार करने के लिए लॉकडाउन के समय का उपयोग कर सकता था कि मैं अपने करियर में और आगे कैसे बढ़ा सकता हूं। 
28 वर्षीय कोठाजीत ने कहा, मुझे यह महसूस हुआ कि किसी भी खिलाड़ी के जीवन में धैर्य और दृढ़ता प्रमुख गुण हैं। अवसर आएंगे और जाएंगे लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि जब भी मैं खेल के मैदान पर रहूं, अपना सौ प्रतिशत दूं और खुद पर विश्वास रखूं। उन्होंने कहा कि जिन चीजों ने लॉकडाउन के दौरान उन्हें प्रेरित रखा, उनमें बेंगलुरु के भारतीय खेल प्राधिकरण परिसर में नियमित फिटनेस प्रशिक्षण था और यह उनके लिए बहुत बड़ा आशीर्वाद था।