Saturday, 20 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने से लोगों का आक्रोश भड़का

Posted at: Jan 7 2021 7:39PM
thumb

नैनीताल। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में गुरुवार को मल्ला महल (कलेक्ट्रेट भवन) के निर्माण कार्य का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि प्रशासन ने कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया। अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट भवन का पुनरूद्धार का कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय कुछ लोग आज इसका विरोध पर उतर आये। उन्होंने सांस्कृतिक धरोहर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया।
 
प्रशासन की ओर से लोगों को समझाया गया लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने सभी 11 लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की खबर जैसे ही शहर में फैली कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गये और प्रशासन के इस कदम का विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का आरोप था कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
 
कुछ देर बाद सभी प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया गया। अल्मोड़ा कोतवाली के प्रभारी हरेन्द्र चौधरी ने बताया कि प्रदर्शनकारियो को हिरासत में लिया गया था और कुछ देर बाद सबको रिहा कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) के केन्द्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, नगर पालिका के अध्यक्ष प्रकाश जोशी और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दिनेश पांडे आदि शामिल थे। उपपा के पीसी तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रशासन शहर की शहर की धरोहरों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
 
मल्ला भवन सैकड़ों साल पुराना है और प्रशासन उसके मूल स्वरूप को नष्ट कर रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि भारतीय पुरातत्व विभाग से इसका संरक्षण का कार्य कराया जाये।