Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

धोखाधड़ी के मामले में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के तीन कर्मी गिरफ्तार

Posted at: Feb 27 2021 6:33PM
thumb

ठाणे। धोखाधड़ी और सामानों की चोरी के आरोपों में एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के  तीन लोगों को नवी मुंबई पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस आयुक्त वाशी-विनायक वस्त ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का सामान चुराते हैं जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापा मारा और वजीर शकील मोमिन को गिरफ्तार कर लिया।

जांच से पता चला है कि नकली पते पर सामान का आर्डर दिया जाता है और बाद में  गलत पते के कारण सामान को वापस ले लिया जाता है और घर लेकर चले जाते थे। मंहगे सामान के बदले साबुन और अन्य सस्ते सामान पैकेट में डाल कर कंपनी को वापस भेज देते थे।

इस तरह की घटनाएं जब बढ़ गयी तब कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ कर मामले को सामने लाये। आरोपी के घर में छापा के दौरान 11 मंहगे मोबाइल फोन मिले जिसके बिल नहीं थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इस काम में कंपनी का सामान पहुंचाने वाले संगपाल मोरे 29 वर्ष और जयंत उगले 27 वर्ष भी शामिल हैं। पुलिस ने इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।