Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

केन्द्रीय भंडार निगम को क्षमता बढ़ाने की जरुरत : पीयूष

Posted at: Mar 2 2021 7:48PM
thumb

नई दिल्ली। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि केंद्रीय भंडारण निगम को अपनी वर्तमान 130 लाख टन क्षमता को शीघ्र बढ़ाने का समय आ गया है ताकि कृषि क्षेत्र के लिए समग्र भंडारण सुनिश्चित किया जा  सके। 

गोयल ने बुधवार को केंद्रीय भंडारण निगम के 65 वें स्थापना दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सीडब्ल्यूसी के संचालन में मिशन मोड में भंडारण में गुणवत्ता तथा मानकीकरण का काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार सरकार  के कार्यक्रम के केंद्र में हैं। भंडारण विस्तार तथा  लॉजिस्टिक लागतों में कमी से किसानों के लिए पारदर्शी, लाभकारी तथा एकीकृत फसल बाद का वैल्यूचेन बनेगा और कृषि आय सुधारने में मदद मिलेगी।

उन्होंने सीडब्ल्यूसी से देश की 22 आवश्यक सामग्रियों के लिए भंडारण क्षमता बनाने में उपभोक्ता कार्य विभाग के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी ने कृषि क्षेत्र के लिए भंडारण और संरचना उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

गोयल ने कहा कि सरकार मिशन मोड में सीडल्ब्यूसी के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार ने 1000 करोड़ रुपए निवेश के साथ 2014 से 177 परियोजना की मंजूरी सुनिश्चित की है। आज देश में 217 करोड़ रुपए मूल्य की भंडारण  परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षमता बढ़ेगी, संरचना मजबूत होगी और किसानों के साथ जुड़ाव होगा। गोयल ने कहा कि भंडारण और संरचना कृषि के अनुकूल माहौल के लिए महत्वपूर्ण हैं। इससे नुकसान कम करने में मदद मिलेगी और कृषि उत्पादों के मूल्य नियंत्रित रहेंगे।