Wednesday, 24 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

कोंडागांव जिले में वैवाहिक कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध

Posted at: May 9 2021 4:06PM
thumb

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज से आगामी आदेश तक वैवाहिक कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शादी समारोहों में अब तक 258 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा की ओर से कल इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया।
 
अधिकारियों से इस आदेश का कड़ाई से पालन करवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के लिए पहले जारी हुयीं सभी अनुमतियां निरस्त कर दी गयी हैं। जिला प्रशासन के द्वारा 645 अनुमति प्राप्त शादियों में से 490 विवाह स्थलों का अवलोकन करने पर 99 समारोह में अनुमति से अधिक लोग मिले थे, जिन पर तीन लाख 41 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जबकि 258 लोग कोरोना संक्रमित भी पाए गए।