Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

हिसार में किसानो पर लाठीचार्ज भाजपा की हताशा का प्रतीक: रालोद

Posted at: May 16 2021 9:37PM
thumb

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने कहा है कि हरियाणा के हिसार में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे किसानो पर लाठीचार्ज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हताशा का परिचायक है। दुबे ने रविवार को यहां जारी बयान में कहा कि हिसार में किसानो पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिये। अपने हकों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे किसानो पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज भाजपा सरकार की नाकामियों को दर्शाता है। 
 
उन्होंने कहा की भाजपा सरकार को ये नहीं भूलना चाहिए कि लोकराज, लोकलाज से चलता है न कि पुलिस की लाठी-गोलियों से। निहत्थे अन्नदाताओं व महिलाओं पर लाठी-गोली चलवा कर भाजपा सरकार ने ये साबित कर दिया है कि उन्होंने किसान विरोधी तीनो कानून उद्योगपतियों को फायदा देने के लिए बनाये हैं और आने वाले समय में इस देश का किसान सब चीज़ों का हिसाब लेगा। देश का किसान, नौजवान, शिक्षित बेरोजगार सब सरकार कि हकीकत जान चुके हैं और लाठी-गोली से किसान डरने वाले नहीं हैं।