Thursday, 09 May, 2024
dabang dunia

प्रदेश

महाराष्ट्र से गुजर रहा चक्रवाती तूफान टाक्टे, मुंबई में भारी बारिश

Posted at: May 17 2021 12:53PM
thumb

साल 2021 का पहला चक्रवाती तूफान टाक्टे (Tauktae) खतरनाक होता जा रहा है। यह गोवा, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी तबाही मचाते हुए महाराष्ट्र की ओर से बढ़ रहा है। मुंबई में कल से इसका असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां निचले इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। टीकाकरण कार्यक्रम भी रोक दिया गया है। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उच्च स्तर पर बैठक कर अस्पतालों में बिजली और ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल रखने के लिए कहा गया है। वहीं गुजरात के सोमनाथ और द्वारका तट पर भी खतरा मंडरा रहा है। एनडीआरएफ की तैनात की गई है। चक्रवाती तूफान 12 बजे महाराष्ट्र के करीब से गुजर रहा है। इसके कारण रत्नागिरी और मुंबई में भारी बारिश हो कही है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मुंबई में पहले जो ऑरेंज अलर्ट था, उसे बदलकर रेड अलर्ट कर दिया गया है। 

मुंबई एयरपोर्ट को 11 बजे से 2 बजे तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। तूफान 11.30 बजे के आसपास मुंबई के सबसे करीब से गुजरेगा। इसी तरह सूरत का एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया है। शाम 6 बजे हालात का जायजा लेने के बाद आगे का फैसला होगा।

17 मई को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार टाक्टे के चलते महाराष्ट्र के तटवर्ती कई जिलों में सोमवार (17 मई) को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार है। हवाओं की रफ्तार के अनुसार इस तूफान को अति गंभीर की श्रेणी में रखा गया है। यह तूफान अगले 24 घंटों में और विकराल होगा और सोमवार की शाम तक गुजरात पहुंच जाएगा। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 101 टीमों के साथ कोस्टगार्ड, नौसेना और वायुसेना भी मुस्तैद है।

गुजरात में खतरा: अहमदाबाद से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात में निचले तटवर्ती इलाकों में रहने वाले 1.5 लाख लोगों को हटाकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के कारण सोमवार की शाम तक हवाओं की रफ्तार 150 से 160 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। मंगलवार सुबह तक हवाओं की रफ्तार में और बढ़ोतरी हो सकती है।