Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

हरियाणा: हॉकी खिलाड़ियों को नौकरी व मिलेंगे 2.5-2.5 करोड़

Posted at: Aug 5 2021 4:57PM
thumb

चंड़ीगढ़। हरियाणा कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मोहर लगी। सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सीएम ने खुद पत्रकारों को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से बुलाने का फैसला किया गया। सीएम ने ओलिंपिक में हॉकी में जीत पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि टीम में शामिल राज्य के दो हॉकी खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये और ग्रुप बी सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। चंडीगढ़ हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में टोक्यो में चल रहे ओलिंपिक खेलों में 41 साल बाद भारतीय हॉकी टीम को मिले कांस्य पदक का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज समेत सभी मंत्रियों ने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज तो बाकायदा मिठाई लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। इससे पहले अंबाला छावनी में अनिल विज ने अपने समर्थकों के बीच खुशी मनाते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए।
 
CM मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दिन शुक्रवार है। दो दिन शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद सोमवार व मंगलवार तक मानसून सत्र चल सकता है। सत्र की अवधि हालांकि विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय होगी, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि यह सत्र तीन दिन से अधिक नहीं चलेगा।
 
CM मनोहर लाल की सरकार के पहले कार्यकाल में खेल मंत्रालय अनिल विज के पास ही था। अब संदीप सिंह खेल राज्य मंत्री हैं। वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं। अनिल विज ने ही ओलिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को छह करोड़, रजत पदक विजेता को चार करोड़ और कांस्य पदक विजेता को ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम दिए जाने की नीति बनाई थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पालिसी को लागू करते जरा भी देर नहीं लगाई। भारतीय हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और सुमित कुमार हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन दोनों खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया है। दोनों खिलाड़ियों को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि ओलिंपिक खेलों में पदक हासिल करने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया जाएगा।