Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

देश

तबाह हुए तुर्किए को भारत की मदद, NDRF की टीमों के साथ राहत सामग्री रवाना

Posted at: Feb 7 2023 12:20PM
thumb

तुर्किए और सीरिया में सोमवार (6 फरवरी) को आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। 7।8 तीव्रता के भूकंप के कारण अब तक 4365 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 हजार से ज्यादा लोग घायल हो गए। तुर्किए में आए विनाशकारी भूकंप को लेकर भारत ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। भारत ने तुर्किए को भूकंप राहत सामग्री की खेप भेजी है। भारत ने भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्किए को भारतीय वायु सेना के विमान से भेज दी है। इस खेप में विशेषज्ञ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल खोज और बचाव दल शामिल है।
 
भारत द्वारा भेजी गई राहत सामग्री में डॉग स्क्वॉड, चिकित्सा से जुड़े सामान, पुरुष और महिला दोनों कर्मी समेत अन्य कई महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं। तुर्किए-सीरिया में भूकंप को लेकर PMO में बैठक हुई थी जिसके बाद पीएम मोदी के निर्देश पर NDRF की 2 टीमें तुर्किए के लिए रवाना की गई। बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की एक टीम डॉग स्क्वॉड और आवश्यक उपकरणों के साथ गाजियाबाद में हिंडन एयरबेस से तुर्की के लिए रवाना हुई।
 
राष्ट्रपति एर्दोगन ने ट्वीट कर लिखा "6 फरवरी को हमारे देश में आए भूकंप के कारण भारी नुकसान हुआ है। संकट की इस घड़ी में सात दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। 12 फरवरी को सूर्यास्त तक देश में और विदेशों में हमारे दूतावासों में हमारा झंडा आधा झुका रहेगा।" सोमवार को तुर्किए (तुर्की) में 46 बार भूकंप आया। तुर्किए (तुर्की) के लोकल टाइम के मुताबिक भूकंप सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर आया यानी ये वो वक्त था जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। इसके बाद एक के बाद एक भूकंप ने तुर्किए और सीरिया में तबाही मचा दी।