Saturday, 27 April, 2024
dabang dunia

देश

Gold-Silver Price: सोने में आया उछाल, चांदी की कीमत घटी, जानिए ताजा दाम

Posted at: Dec 8 2021 5:08PM
thumb

नई दिल्‍ली। शेयर बाजार में जारी तेजी के बीच आज सोने की कीमत में तेजी आई, वहीं चांदी की कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई है। आज सोना 177 रुपए की तेजी के साथ 47,267 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, चांदी में आज 1112 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। HDFC सिक्यॉरिटीज की तरफ से शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, आज राजधानी दिल्ली में सोने का क्लोजिंग भाव 47,267 रुपए है। रुपए में आई गिरावट के कारण सोने की कीमत में उछाल आया है। रिजर्व बैंक ने लगातार नौंवी बार रेपो रेट को बरकरार रखा है। रिजर्व बैंक की तरफ से उदार रुख को जारी रखने के कारण आज रुपए में सुधार हुआ और यह 2 पैसे की गिरावट के साथ 75।46 के स्तर पर बंद हुआ।

लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में बंपर तेजी रही। इसके अलावा क्रूड ऑयल की कीमत में भी गिरावट आई है। इसके कारण रुपए में मजबूती आई है। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 47,090 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। आज चांदी 1,112 रुपए की गिरावट के साथ 60,533 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह 61,645 रुपए के स्तर पर थी। लगातार दूसरे दिन कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1000 अंक से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन का डर कम होने के साथ दुनिया भर के बाजारों में खरीदारी देखने को मिली है। इसका असर घरेलू बाजारों पर भी है। बुधवार के कारोबार में सेंसेक्स 1016 अंक की बढ़त के साथ 58,649।68 के स्तर पर और निफ्टी 293 अंक की बढ़त के साथ 17470 के स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में एक बार फिर चौतरफा खरीदारी देखने को मिली है। सबसे ज्यादा तेजी ऑटो और सरकारी बैंकों में दर्ज हुई है।