Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

देश

दिल्ली में जल्द सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल, केजरीवाल सरकार वैट घटाने...

Posted at: Dec 1 2021 12:34PM
thumb

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी के बाद अब जल्द दिल्लीवालों को भी राहत मिल सकती है। दिल्ली सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट को घटाने पर फैसला ले सकती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली कैबिनेट बुधवार को होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव पर विचार करने वाली है।
 
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली सरकार कैबिनेट की बैठक में पेट्रोल पर वैट में कमी को मंजूरी दे सकती है। बता दें कि कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाए जाने की संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली में भी ऐसा हो सकता है। इससे दिल्लीवालों को सस्ता पेट्रोल-डीजल मिलेगा। दिल्ली में इस समय एक लीटर पेट्रोल 103.97 की दर पर मिल रहा है। जबकि नोएडा में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 95.51 और गुरुग्राम में 95.90 रुपए है। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली के फिलिंग स्टेशनों पर ग्राहकों की कमी देखने को मिल रही है। ज्यादातर ग्राहक यूपी और हरियाणा से तेल भरवा रहे हैं।
 
साल की शुरुआत के बाद से पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लगी हुई थी। कई दिनों से तेल के दाम आसमान छू रहे थे। इसके बाद दिवाली के मौके पर केंद्र की मोदी सरकार ने लोगों को गिफ्ट देते हुए एक्साइज ड्यूटी पांच और दस रुपये कम कर दी। इससे तेल की कीमतें घट गई। केंद्र सरकार के बाद एनडीए शासित राज्यों ने अपने-अपने यहां पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट को कम कर दिया था। कुछ दिनों बाद जनता को राहत देते हुए पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकारों ने भी ऐसा ही किया। केजरीवाल सरकार बुधवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने को लेकर फैसला ले सकती है। वहीं तेल कंपनियों ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद से अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, एक दिसंबर को भी पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर हैं। दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल 103.97 जबकि डीजल 86.67 रुपए की दर पर मिल रहा है।