Tuesday, 16 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

सरदार सरोवर बांध का जलस्तर 137 मीटर की रिकार्ड ऊंचाई पर

Posted at: Sep 11 2019 8:39PM
thumb

वडोदरा। पडोसी राज्य मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा के कारण पानी की सतत भारी आवक के कारण मध्य गुजरात के केवड़यिा में बने सरदार सरोवर बांध जलाशय का जलस्तर रोज ऊंचाई के नये रिकार्ड बना रहा है और इसी क्रम में इसने अब 137 मीटर का आंकड़ा भी पार कर लिया है। इससे पहले गत आठ सितंबर को पहली बार जलस्तर 136 मी,  दो सितंबर को 135 मीटर पर 27 अगस्त को जलस्तर 134 मी पर और 20 अगस्त को 133 मी पर पहुंचा था। दो साल पहले यानी 2017 में इस पर लगाये गये 30 दरवाजों को बंद किये जाने के बाद से इसका अधिकतम स्तर पूर्व के 121.92 मीटर से बढ़ कर 138.68 मी हो गया है।

नर्मदा बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी मुख्य इंजीनियर पी सी व्यास ने यूएनआई को बताया कि आज शाम पांच बजे इसका जलस्तर 137.00  मीटर था, पानी की आवक और जावक एक समान लगभग आठ लाख घन फुट प्रति सेकंड या क्यूसेक थी। 23 दरवाजों को खोल दिया गया था। इस पर लगे दरवाजों को पहली बार गत 9 अगस्त को खोला गया था जब जलस्तर 131.45 मीटर तक पहुंचा था। यह दरवाजे लगाये जाने से गुजरात की जीवनरेखा कहे जाने वाले इस जलाशय का उच्चतम जलस्तर 121.92 मीटर से बढ़ कर 138.68 मी. हो गया था। इससे पहले के दो वर्ष में इसमें अधिकतम जलस्तर 130.75 मी. दर्ज किया गया था जो 25 सितंबर 2017 को पहुंचा था।

दो साल बाद नदी में स्थित जल विद्युत संयंत्र की सभी 6 इकाइयों को शुरू कर दिया गया था जो आज भी जारी है। इसकी मुख्य नहर से जुड़ी जल विद्युत इकाई की पांच में से चार इकाई भी शुरू की गयी है। पानी का कुल संग्रह लगभग 93 प्रतिशत से अधिक हो गया है। पानी के भारी प्रवाह के कारण नदी के नीचे के प्रवाह वाले इलाकों अलर्ट जारी किया गया है। भरूच और नर्मदा जिले के नदी किनारे वाले कई गांवों में पानी घुस गया है जबकि सैकड़ो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी पहुंचाया गया है।