Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

जब तक पृथ्वी रहेगी तब तक राजगीर के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी : CM नीतीश

Posted at: Jan 21 2021 9:12PM
thumb

राजगीर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि जब तक पृथ्वी रहेगी तब तक ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल राजगीर के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी। कुमार ने गुरुवार को नालंदा जिले में राजगीर स्थित ‘गुरुद्वारा नानक देव’ मत्था टेकने एवं शीतलकुंड का परिभ्रमण करने के बाद कहा कि राजगीर अद्भुत जगह है। यहां वेणुवन, घोड़ा कटोरा का निर्माण कराया गया है। आज गुरुनानक देव जी के गुरुद्वारे में आकर मत्था टेका और यहां हो रहे निर्माण कार्य को देखने और समझने का मौका मिला। जिस दिन इस गुरुद्वारे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा उस दिन उन्हें सबसे ज्यादा खुशी होगी।
 
इस वर्ष यह नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा तो जो श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे, वे राजगीर भी आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि देश-विदेश से भी लोग राजगीर आएंगे और यहां की कई अद्भुत चीजों को देखेंगे। राजगीर में सभी धर्म के लोग आस्था प्रकट करने के लिए आते हैं। इस पौराणिक तथा ऐतिहासिक स्थल के प्रति सबके मन में सम्मान है। राजगीर मगध साम्राज्य की राजधानी हुआ करती थी। जब तक पृथ्वी रहेगी लोगों के मन में इस अद्भुत स्थल के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी।