Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

2024 में लालू-नीतीश का होगा सूपड़ा साफ : शाह

Posted at: Sep 23 2022 3:58PM
thumb

पूर्णिया । केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से बिहार में तेजी से अपराध बढ़ने का दावा करते हुए आज कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का सूपड़ा साफ हो जाएगा और अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। शाह ने शुक्रवार को यहां रंगभूमि मैदान में आयोजित भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए कहा, “केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है इसलिए सीमांचल के लोगों को किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता राजद और जदयू का सूपड़ा साफ कर देगी। मुख्यमंत्री कुमार को केवल कुर्सी प्यारी है और इसके लिए वह किसी के साथ भी गठबंधन कर सकते हैं लेकिन वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
 
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनते ही प्रदेश में विधि-व्यवस्था की स्थिति चरमरा जाने का अरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों के सत्ता में बैठे होने की वजह से मुख्यमंत्री षड्यंत्र करने वालों को रोक नहीं पाएंगे। घोटालेबाजों को मंत्री देने के बाद से ही कुमार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर प्रतिबंध लगाने की बात करने लगे हैं। यह राजद अध्यक्ष यादव का भय और सत्ता का मोह नहीं तो और क्या है। इस राज्य में जंगलराज का खतरा मंडराने लगा है।