Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

निशंक ने लॉन्च किया स्मार्ट इंडिया हैकथान

Posted at: Sep 12 2019 1:17AM
thumb

नई दिल्ली। चौथा स्मार्ट इंडिया हैकथान अगले वर्ष मार्च में दो चरणों में होगा। पहले चरण में सॉफ्ट वेयर की प्रतियोगिता और जुलाई में हार्ड वेयर प्रतियोगिता होगी। केन्द्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बुधवार को यहां अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद में इस हैकाथन को लॉन्च किया। इस अवसर पर पिछले तीन हैकथान की रिपोर्ट भी जारी की गयी। अगले वर्ष के हैकथान के लिए केंद्र सरकार के अलावा राज्यों के मंत्रालय, विभागों और सार्वजनिक क्षेत्रों के उद्यमों और गैर सरकारी संगठनों की समस्याओं को भी सुलझाया जायेगा। इसके लिए 30 सितंबर तक स्मार्ट हैकथान की वेबसाइट पर समस्याओं को जमा करना होगा। फाइनल में हर समस्या को सुलझाने वाले विजेता को एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जायेगा। 

इसके अलावा 10 नये अकादमी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किये जायेंगे। ये केंद्र देहरादून, कानपुर,भोपाल,चेन्नई,पटना मुरथल, श्रीनगर, हैदराबाद ,कोलकाता तथा बेंगलुरु में स्थापित होंगे। निशंक ने विश्वकर्मा अवार्ड की भी घोषणा की जो दो श्रेणियों में दिए जाएंगे। इस बार विषय ‘गाँव की आय कैसे दोगुनी होगी’ रखा गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्ट अप नीति 2019 की निर्देशिका भी जारी की की गयी। समारोह में मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री संजय धोत्रे, उच्च शिक्षा सचिव आर सुब्रह्मण्यम, यूजीसी के अध्यक्ष डी पी सिंह, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अध्यक्ष अनिल सहस्त्रबुद्धे भी थे।