Thursday, 25 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

कमलनाथ को जनता की वादाखिलाफी का जवाब देना चाहिए: शिवराज

Posted at: Oct 22 2021 8:38PM
thumb

निवाड़ी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि उन्हें प्रदेश की जनता से की गयी इस वादाखिलाफी के लिए माफी मांगनी चाहिए। चौहान ने जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा के दिगौड़ा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पंद्रह महीने मुख्यमंत्री रहे कमलनाथ ने मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया था। चारों तरफ तबाही थी। 
 
जितनी योजनाएं हमने गरीबों के लिए चलायी थी उन सभी योजनाओं को कांग्रेस ने बंद कर दिया था। चुनाव के समय कमलनाथ गरजते हुए कहते थे कि चिंता मत करना 10 दिन में सबका कर्जा माफ कर दूंगा। लेकिन सत्ता हासिल होते ही अपने वचन से मुकर गए। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने का वचन भूल गए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हमेशा सत्ता को सेवा का माध्यम माना है। वे इसलिए मुख्यमंत्री नहीं बने कि सत्ता के सिहांसन पर बैठकर सब कुछ भूल जाये। वे जनता की जिन्दगी बदलने के लिए मुख्यमंत्री बने हैं। भांजे, भांजियों का भविष्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि जनता को उनका अधिकार मिले, इसके लिए वे चौथी बार मुख्यमंत्री हैं।
 
चौहान ने कहा कि वे जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। पिछली बार वह तहसील बनाने का आर्डर साथ लेकर आए थे। इस बार भी इस क्षेत्र के विकास को लेकर जो काम है वह सब पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी आचार संहिता है, इसलिए अभी कुछ घोषणा नहीं कर सकता। कांग्रेसी मुझसे परेशान है। वे रोज शिकायत चुनाव आयोग में करते हैं, लेकिन वे विकास के कामों में पीछे नहीं हटेगें।
 
उन्होंने कहा कि कल एक क्लिक में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के 1500 करोड़ रूपए किसानों के खाते में डालेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बदलाव का चुनाव है। पृथ्वीपुर की किस्मत बदले इसके लिए भाजपा और कमल के निशान को वोट दें। आप दो साल शिशुपाल यादव को दें वे दिन रात मेहनत करेंगे, उनके साथ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री, भाजपा और पूरी सरकार है। उन्होंने कहा कि आप भाजपा को जिताएं। पृथ्वीपुर की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम हम करेंगे।
 
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, सुरेश राहटखेड़ा, पार्टी प्रत्याशी शिशुपाल यादव, प्रदेश मंत्री ललिता यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, जिलाध्यक्ष अमित नूना, अखिलेश अयाची, विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, अनिल जैन, पूर्व विधायक अनीता नायक, राजेश गिरी, मुन्ना सिंह, बेबी राजा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी नेता मंचासीन थे।