Friday, 26 April, 2024
dabang dunia

प्रदेश

नर्मदा पूजन से चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगी प्रियंका गांधी, बीजेपी ने कसा तंज

Posted at: Jun 5 2023 3:11PM
thumb

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के रण में बीजेपी और कांग्रेस पूरा दम लगाएंगी। कांग्रेस पार्टी की महासचिव और स्टार कैंपेनर प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर आएंगी। वे नर्मदा पूजन से चुनाव अभियान का आगाज करेंगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने बताया कि प्रियंका गांधी वहां बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगी। उनके साथ देश और प्रदेश के कई बड़े कांग्रेसी नेता मौजूद रहेंगे। प्रियंका के इस दौरे पर सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी ने प्रियंका गांधी को चुनावी हिंदू करार दिया है।

बता दें, 12 जून को जबलपुर में होने जा रहे कार्यक्रम में कांग्रेस के देश और प्रदेश के तमाम बड़े नेता एक साथ मंच पर नजर आएंगे। प्रियंका गांधी के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी समेत कई नेता मंच साझा कर सकते हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी सरकार को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई जैसे मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेंगी। पार्टी के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया ने बताया कि लाखों कांग्रेसी कार्यकर्ता जबलपुर पहुंचने वाले हैं। प्रियंका गांधी नर्मदा पूजन और जनसभा को संबोधित करने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी। इस पूरे कार्यक्रम में समन्वय की जिम्मेदारी पार्टी उपाध्यक्ष चन्द्रप्रभाष शेखर को सौंपी गई है।

प्रियंका गांधी के एमपी दौरे और नर्मदा पूजन पर बीजेपी ने निशाना साधा है। बीजेपी के महामन्त्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस हताश, निराश और कुंठित है। मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के चलते कई बार पाखंड रचने का काम करती है। प्रियंका गांधी वाड्रा को लाकर नर्मदा पूजन की बात को बताना-जताना इसलिए पड़ रहा है, क्योंकि यह लोग मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। कर्नाटक में भी की है। कांग्रेसी चुनावी हिंदू बनते हैं। यह मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद का समर्थन करने वाले लोग हैं।

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस का फोकस ‘नारी सम्मान योजना’ पर ज्यादा है। पार्टी ज्यादा से ज्यादा इसका प्रचार करना चाहती है। इस योजना के तहत हर महीने महिलाओं के खाते में 1500 रुपये की राशि डाली जाएगी। साथ ही, गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। प्रियंका गांधी भी अपनी जनसभा में इस योजना को लेकर जनता से बात करेंगी। वहीं पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में नारी सम्मान योजना के फॉर्म भरवाने का काम जोर-शोर से शुरू कर दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस की इस कवायद को बीजेपी एक और झूठा वादा बता रही है। बीजेपी का कहना है कि जो हश्र किसान कर्ज माफी का हुआ था, वही नारी सम्मान योजना का भी होगा।