Friday, 29 March, 2024
dabang dunia

प्रदेश

इटावा : भारी बारिश में मकान ढहने की चार घटनाओं में 07 मरे 05 घायल जाने केसे...

Posted at: Sep 22 2022 12:19PM
thumb

इटावा । उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही भारी बारिश के दौरान बीती देर रात घर और दीवार ढहने की कुल चार घटनाओं में 04 सगे भाई बहनों एवं एक दंपति सहित 07 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 05 अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा जिले में दीवार और कच्चा मकान गिरने की घटनाओं पर गुरुवार को संज्ञान लेते हुए इनमें हुई जनहानि पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने और मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिये हैं। इन घटनाओं के बारे में इटावा के जिलाधिकारी अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि कच्चे मकान और दीवार ढहने की चार घटनाओं में 07 लोगों के मरने और 05 अन्य के घायल होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रपुरा गांव में बीती रात करीब 01 बजे एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से घर का एक हिस्सा गिर गया।
 
इसमें एक ही परिवार के 06 लोग मलबे में दब गये। जब तक गांव वाले उन्हें निकालने की कोशिश करते तब तक 04 मासूम सगे भाई-बहनों की दर्दनाक मौत हो गयी। बच्चों की दादी और एक अन्य मासूम गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित डा. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों की टीम दोनों घायलों के उपचार में जुटी हुई है।
 
राय ने बताया कि इस घटना के मृतकों में शिंकू (10 साल),अभि (8 साल), सोनू (7 साल) और आरती (5 साल) शामिल है। इस हादसे में मृतक बच्चों की 75 साल की दादी शारदा देवी और 4 साल का ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक चारों भाई बहनों के माता-पिता की 2 - 3 साल पहले क्षय रोग से मौत हो चुकी है। बच्चों के पिता अवनीश और मां पूजा की मौत के बाद पूरा घर बार बेसहारा हो गया था।